प्रीति राज की भाजपा में एंट्री एक तीर कई निशाने
≤DESK: राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके पीतांबर पासवान की पुत्रवधू प्रीति राज भाजपा में शामिल हुई है। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने प्रीति राज को भाजपा में लाकर रोसरा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं के असंतोष को समाप्त करने तथा युवा कांग्रेस नेता सनी हजारी पासवान के काट के रूप में देखा जा रहा है। रोसरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा संगठन गुटबाजी में फंसी हुई है। रोसड़ा नगर में दो -दो नगर मंडल अध्यक्ष काम कर रहे हैं। गुटों में फंसी रोसड़ा भाजपा का एक धड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार से नाराज बताया जा रहा है। प्रखंड बीस सूत्री के गठन ने भी भाजपा में असंतोष बढ़ा दिया है। वीरेन्द्र कुमार से नाराज गुट के नेताओं ने खुलकर प्रीति राज के भाजपा में शामिल होने का स्वागत किया है। वहीं पीताम्बर पासवान के नाम पर राजद के वोट बैंक में सेंधमारी की भाजपाई कोशिश से विधायक वीरेंद्र कुमार की उम्मीदवारी पर भी खतरा मंडराने लगा है। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के वीरेन्द्र कुमार ने कांग्रेस के नागेन्द्र कुमार विकल को पटखनी दी। संघ से जुड़े वीरेंद्र कुमार की सर्वसुलभता भी उन पर भारी पड़ रही है। भाजपा से जुड़े लोग भी विधायक को नापसंद कर रहे हैं। ऐसे मे उनसे नाराज़ धड़ा को प्रीति राज के रूप में एक नई आशा दिखाई दे रहा है। साल 2015 तथा 2020 के चुनाव में रोसड़ा विधानसभा सीट महागठबंधन से कांग्रेस के खाते में गई।2015 में कांग्रेस के डॉ अशोक कुमार ने भाजपा की मंजू हजारी को पराजित किया वहीं 2020 में भाजपा के वीरेन्द्र कुमार से कांग्रेस के नागेन्द्र कुमार विकल चुनाव हार गए। अभी तक रोसड़ा सीट को कांग्रेस के खाते का माना जा रहा है। कांग्रेस के सनी हजारी पासवान समस्तीपुर से महागठबंधन उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनाव हारने के बाद से लगातार जनसंपर्क बनाए रखें है। सनी हजारी पासवान की रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र में लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। सनी हजारी का क्रेज युवाओं में देखा जा रहा है। राजनीतिक हलकों में सनी हजारी पासवान की रोसड़ा से उम्मीदवारी की भी चर्चा जोरों पर है। भाजपा सनी हजारी पासवान के काट के रूप में प्रीति राज को देख रही है । राजनीतिक परिवारों से ताल्लुक रखने वाले सनी हजारी पासवान तथा प्रीति राज के अलावा भी रोसड़ा विधानसभा से टिकट के कई दावेदार हैं।महागठबंधन के राजद कार्यकर्ता एकबार फिर रोसड़ा में लालटेन जलाना चाहते हैं। राजद के अनुसूचित जिला अध्यक्ष सतविंद पासवान तथा किसान प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष लालटून पासवान टिकट के दावेदारों में शामिल हैं। वहीं भाजपा से मंजु हजारी, हीरा पासवान, विनय पासवान के नाम टिकट के दावेदारों में गिनाए जा रहे हैं। चुनावी बिसात के शुरुआत में भाजपा ने कद्दावर नेता पीताम्बर पासवान की पुत्रवधू को अपने पाले में लाकर राजद के वोट बैंक में सेंधमारी कर दिया है महागठबंधन के संभावित उम्मीदवार के रूप में कांग्रेस के सनी हजारी पासवान जनता के बीच अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। जिससे आगामी रोसड़ा विधानसभा चुनाव दिलचस्प होने के आसार बन रहे हैं।